रेड्डी बंधुओं की दिल्ली में येदियुरप्पा,भाजपा नेताओं से मुलाकात
नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। अवैध खनन के आरोपों के चलते विपक्ष के हमलों का सामना कर रहे कर्नाटक के रेड्डी बंधुओं ने रविवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस.येदियुरप्पा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की। विपक्षी पार्टियों और राज्यपाल ने उनके इस्तीफे की मांग की है।
भाजपा के सूत्रों ने आईएएनएस से कहा, "मंत्री जनार्दन रेड्डी और करुणाकर रेड्डी ने येदियुरप्पा और भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी सहित अन्य केंद्रीय नेताओं से भेंट की।"
पार्टी सूत्रों ने संकेत दिया कि दोनों मंत्री बाद में मीडिया को भी संबोधित करेंगे।
राज्य के पर्यटन मंत्री जनार्दन रेड्डी ने मीडिया से कहा कि वह कांग्रेस के झूठे प्रचार का विरोध करेंगे। उन्होंने कहा, "यदि कोई भी आरोप साबित हो गया तो मैं इस्तीफा दे दूंगा।"
कर्नाटक के राज्यपाल एच.आर.भारद्वाज ने पिछले सप्ताह येदियुरप्पा से भ्रष्ट मंत्रियों को हटाने को कहा था। इसके बाद राज्य में संकट गहरा गया। भारद्वाज ने राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील से मुलाकात की क्योंकि कनार्टक के विपक्षी विधायकों ने अवैध खनन की सीबीआई जांच की मांग को लेकर धरना दिया था।
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने शनिवार को येदियुरप्पा और राज्य के अन्य नेताओं के साथ दिल्ली में स्थिति की समीक्षा की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications