फिलीपीन्स तूफान में मृतकों की संख्या 65 हुई
मनीला, 17 जुलाई (आईएएनएस)। फिलीपीन्स में सप्ताह के प्रारंभ में आए एक घातक तूफान में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 65 तक पहुंच गई है। दर्जनों लोग अभी भी लापता हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार, नेशनल डिसास्टर कोआर्डिनेटिंग काउंसिल (एनडीसीसी) ने कहा है कि फिलीपीन्स के मुख्य द्वीप लुजोन में मंगलवार को तूफान कानसन के आने के बाद से 87 लोग लापता हैं।
120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आए कानसन तूफान ने 150 किलोमीटर के दायरे में पेड़ों को उखाड़ दिया, बिजली के खंभों को धराशायी कर दिया, बिजली के तारों को छिन्न-भिन्न कर दिया और बाढ़ का खतरा पैदा कर दिया।
एनडीसीसी के अनुसार अधिकांश डूबने वाले लोग या तो गिरे हुए पेड़ों से टकरा गए थे या फिर उन्हें बिजली का करंट लग गया था।
कोस्ट गार्ड की नावें और वायुसेना के विमान और हेलीकाप्टर लापता लोगों की तलाश में समुद्र को छान रहे हैं।
कोस्ट गार्ड ने कहा है कि रात्रि के दौरान पाए गए सभी शव या तो समुद्र में तैरते हुए पाए गए थे या नदी के किनारों पर पड़े हुए।
तूफान के कारण अधोसंरचना, कृषि और मत्स्य पालन को लगभग 40 लाख डॉलर का नुकसान हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications