ईरान में आत्मघाती विस्फोटों के सिलसिले में 40 गिरफ्तार
बर्लिन, 17 जुलाई (आईएएनएस)। ईरान के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में मस्जिद पर हुए दो आत्मघाती विस्फोटों के सिलसिले में पुलिस ने 40 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इन हमलों में 27 लोग मारे गए थे और 160 से ज्यादा घायल हुए थे।
सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत के जहेदान शहर की एक मस्जिद में गुरुवार को ये विस्फोट हुए। कुछ ही मिनटों के अंतर से यह दोनों विस्फोट मस्जिद के प्रवेश द्वार पर हुए थे।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक पुलिस उपप्रमुख अहमद रजा रादन ने कहा कि विस्फोट के बाद जहेदान में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ने की योजना बना रहे 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कट्टरपंथी सुन्नी संगठन जुन्दल्लाह ने इन आत्मघाती हमलों की जिम्मेदारी ली है। इस संगठन ने पिछले महीने उसके एक नेता अब्दुल मलिक रीगी को फांसी दिए जाने के विरोध में यह हमले किए।
हमले में मारे गए लोगों में ईरानी सेना के छह और पुलिस के दो जवान भी शामिल थे।
ईरान ने इन हमलों के लिए अमेरिका और इजरायल को जिम्मेदार ठहराया है। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने इन हमलों की निंदा की थी।
सिस्तान- बलूचिस्तान प्रांत अफगानिस्तान और पाकिस्तान की सीमा पर है। यह प्रांत देश के सबसे अस्थिर इलाकों में से है और मादक पदार्थो के कारोबार का बड़ा केंद्र है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications