तेल कैप का परीक्षण जारी
वाशिंगटन, 17 जुलाई (आईएएनएस)। ब्रिटिश पेट्रोलियम (बीपी) ने मेक्सिको की खाड़ी में क्षतिग्रस्त तेल कुएं से तेल रिसाव रोकने के लिए लगाए गए नए कैप का परीक्षण शुक्रवार को भी जारी रखा लेकिन इंजीनियरों के बीच तनाव बना हुआ है क्योंकि उन्हें अगले कुछ घंटों में यहां से रिसाव होने के संकेत मिल रहे हैं।
सरकार की ओर से तेल रिसाव रोकने के काम का नियंत्रण कर रहे थैड एलेन ने कहा कि तेल कैप को बंद करके तेल स्तर पर डाले जा रहे दबाव में हल्की कमी दर्ज की गई है। अधिकारी उम्मीद कर रहे हैं कि दबाव का यह स्तर स्थिर बना रहे इसमें और कमी न आए। यदि दबाव में कमी आएगी तो इसका अर्थ होगा कि तेल कुएं के किनारों में अन्यत्र जगहों से रिसाव हो रहा है।
तेल खनन कंपनी ब्रिटिश पट्रोलियम ने गुरुवार दोपहर तेल कुएं से रिसाव को पूरी तरह रोक लिया था और तेल कैप की फिटिंग की सटीकता जांचने के लिए यह 48 घंटे का परीक्षण शुरू किया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने शुक्रवार को कहा कि तेल रिसाव पर अस्थाई नियंत्रण एक अच्छा संकेत है लेकिन अभी परीक्षण के दौरान सतर्कता की आवश्यकता है। अभी नई परेशानियां भी पैदा हो सकती हैं।
तेल कुएं पर लगे कैप को जब गुरुवार को बंद किया गया था तो उसमें दबाव 7,500 पाउंड प्रति वर्ग इंच (पीएसआई) और इससे ज्यादा मापा गया था।
एलेन के मुताबिक शुक्रवार दोपहर को यह दबाव पहले की तुलना में कुछ कम होकर 6,700 पाउंड प्रति वर्ग इंच मापा गया। दबाव में इस कमी से संदेह पैदा हो गया है कि या तो अन्यत्र स्थान से तेल का रिसाव शुरू हो गया है या फिर तेल भंडार का तेल जमीन में ही स्थानांतरित हो रहा है।
एलेन ने कहा कि इस परीक्षण को जरूरत पड़ने पर 48 घंटे की अवधि से ज्यादा समय तक भी जारी रखा जा सकता है।
ओबामा ने कहा, "नया कैप लगना एक अच्छी खबर है हम इससे तेल का प्रवाह रोक सकते हैं फिर दूसरा तेल कुआं तैयार होने तक तेल एकत्र कर सकते हैं।"
ओबामा ने कहा कि जांचकर्ता इस बात का ध्यान रख रहे हैं कि तेल का रिसाव कुएं में किसी अन्यत्र स्थान से न शुरू हो जाए अन्यथा यह गंभीर परेशानियां पैदा कर सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications