भारत के साथ भरोसा बढ़ाने पर चर्चा : पाकिस्तान
इस्लामाबाद, 15 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने भारत के विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा के साथ खुले दिल से, स्पष्ट और ईमानदार चर्चा की। दोनों विदेश मंत्रियों के बीच आतंकवाद सहित कई मसलों पर चर्चा हुई।
दिनभर चली वार्ता के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कुरैशी ने कहा कि हमारे बीच खुलकर बातचीत हुई और बातचीत के जरिये ही हम आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि बातचीत का दौर आगे भी जारी रहेगा।
कुरैशी ने संवाददाता सम्मेलन में हुई देरी के लिए खेद जताया। सम्मेलन पहले दोपहर बाद निर्धारित थी लेकिन बातचीत का दौर लंबा खिंचने की वजह से यह रात में शुरू हुई।
आतंकवाद को दोनों देशों का दुश्मन करार देते हुए कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद से निपटने के लिए कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि हमने द्विपक्षीय मसलों और इसके जरिये संबंधों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications