पंजाब और हरियाणा में बाढ़ मानव निर्मित त्रासदी
नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि पंजाब और हरियाणा में यदि सुरक्षात्मक उपाय अपनाए गए होते तो इन राज्यों के बाढ़ग्रस्त इलाकों को इसके प्रकोप से बचाया जा सकता था। पार्टी के मुताबिक बाढ़ से नुकसान मानव निर्मित और सरकार के अड़ियल रवैये के कारण हुआ है।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव नवजोत सिंह सिद्धू ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "पंजाब और हरियाणा में बाढ़ का प्रकोप कोई नया नहीं है। सुरक्षात्मक उपाय किए जाने की आवश्यकता थी।"
भाजपा के अन्य सचिव कैप्टन अभिमन्यु ने कहा, "यह प्राकृतिक आपदा नहीं है बल्कि मानव निर्मित आपदा है। क्योंकि सरकार का रवैया टालमटोल का रहा है।"
ज्ञात हो कि सिद्धू और अभिमन्यु ने पिछले दिनों दोनों राज्यों के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था और भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी को बुधवार को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी।
भाजपा ने मांग की है कि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक किसान को 25,000 रुपये, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए सहायता पैकेज दिया जाना चाहिए और साथ ही सुरक्षात्मक उपायों पर काम करना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि दोनों राज्यों में बाढ़ से अब तक करोड़ों रुपये का नुकसान हो चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications