मुंबई हमले की एफबीआई जांच का रुख पाकिस्तान की ओर
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 12 जुलाई (आईएएनएस)। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के अनुसार पाकिस्तानी नागरिक अजमल आमिर कसाब की गिरफ्तारी के साथ ही पाकिस्तान से जुड़ी ढेर सारी जानकारियां नवंबर 2008 में हुए मुंबई हमले की जांच में एक प्रमुख निर्णायक मोड़ साबित हो रही हैं।
जांच का नेतृत्व करने वाले एक पर्यवेक्षी विशेष एजेंट, एंथोनी टिंडाल ने एफबीआई के संयुक्त आतंकवादी कार्यबल के सदस्यों को बताया, "ढेर सारी जानकारियां पाकिस्तान की ओर इशारा करती हैं।"
मियामी हेराल्ड ने टिंडाल द्वारा पिछले सप्ताह मियामी में एक सम्मेलन के दौरान दिए गए बयान के हवाले से कहा है कि इससे यह स्पष्ट होता है कि किस तरह सीमित शिक्षा, सीमित प्रशिक्षण और सीमित आर्थिक मदद के साथ मात्र 10 आतंकियों का समूह स्वचालित हथियारों, हथगोलों और मोबाइल फोन के साथ मात्र तीन दिनों के भीतर इतने बड़े रक्तपात को अंजाम दे सकता है।
जांच का एक दूसरा निर्णायक मोड़ कसाब की गिरफ्तारी है। जोकि एक गरीब, अशिक्षित है और उसे पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) द्वारा इस मिशन के लिए नियुक्त और प्रशिक्षित किया गया था।
टिंडाल ने अजमल को सूचना का 'एक अतुल्य स्रोत' बताया है। अजमल ने एक अन्य आतंकी के साथ मुंबई रेलवे स्टेशन पर घातक हमले को अंजाम दिया था।
टिंडाल ने नरसंहार के दृश्यों वाले टेलीविजन समाचारों के फुटेज दिखाते हुए उपस्थित जनसमूह से कहा, "इस अभियान से हमने एक बात यह सीखी है कि हमें उनके लिए कुछ ऐसी चीजें करने की जरूरत है, जिसे वे खुद से नहीं कर सकते।"
टिंडाल ने कहा, "ढेर सारी जानकारी पाकिस्तान की ओर जाती है।"
भारत सरकार ने 26-28 नवंबर के हमले के दौरान एफबीआई से मदद मांगी थी और ब्यूरो ने लॉस एंजिल्स से आठ एजेंटों को तथा क्वांटिको, वर्जीनिया से तकनीशियनों को जांच में लगाया था।
टिंडाल ने कहा कि एफबीआई ने भारतीय जांचकर्ताओं का तत्काल विश्वास हासिल कर लिया, क्योंकि एजेंट और तकनीशियनों ने जीपीएस, मोबाइल फोन, सैटेलाइट फोन, इंटरनेट डाटा, वित्तीय रिकॉर्ड, गवाहों और नावों से महत्वपूर्ण जानकारियां इकट्ठा कर ली।
टिंडाल ने कहा है कि मुंबई पुलिस की रक्षात्मक कार्रवाई के साथ बड़ी गड़बड़ी यह हुई थी कि उसके अधिकारियों के पास हथियार तक नहीं थे। उन्होंने कहा, "अमेरिका में हम भारतीयों की बनिस्बत ज्यादा तत्परता से बंदूकों और गोलियों के साथ तैयार हो सकते है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications