नक्सलियों का बंद, बिहार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
नक्सल प्रभावित जिलों औरंगाबाद, गया, जमुई, अरवल, जहानाबाद, रोहतास, मुंगेर और अरवल जिलों के ग्रामीण इलाकों में बंद का व्यापक असर देखा जा रहा है। बंद का सबसे अधिक प्रभाव यातायात पर नजर आ रहा है।
बंद के चलते लंबी दूरी की बसें व ग्रामीण क्षेत्रों में वाहन नहीं चल रहे हैं, जबकि पूर्व मध्य रेलवे ने छह ट्रेनों को आठ जुलाई तक रद्द कर दिया। करीब सात रेलगाड़ियों के मार्ग में बदलाव किए गए हैं।
इधर, राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक पी़ क़े ठाकुर ने बुधवार को बताया कि राज्य में बंद के दौरान अब तक कहीं से अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि बंद को लेकर सभी एहतियाती कदम उठाए गए हैं। पुलिस, जिला प्रशासन और रेल प्रशासन को अलर्ट रहने को कहा गया है। सभी महत्वपूर्ण रेलगाड़ियों के आगे 'पायलट ट्रेन' चलाई जाएगी। संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त बलों को तैनात किया गया है।
उल्लेखनीय है कि नक्सलियों ने अपने नेता चेरूकरी राजकुमार उर्फ आजाद के आंध्र प्रदेश में पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के खिलाफ इस बंद का आह्वान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications