जहां लिखकर मांगी जाती है मन्नत
पटना, 6 जुलाई (आईएएनएस)। अब तक आपने मंदिरों में भगवान से बोलकर अपनी मन्नत मांगे जाने और उसके पूरा होने की बात तो सुनी होगी लेकिन बिहार के दरभंगा जिला मुख्यालय में एक ऐसा मंदिर है जहां लोग मंदिर की दीवार पर लिखकर अपनी मनोकामना भगवान के सामने रखते हैं और भगवान इसे पूरा भी करते हैं।
दरभंगा के मोतीमहल के वाजाबाद क्षेत्र में स्थित महावीर मंदिर में मान्यता है कि जो लोग इस मंदिर की दीवारों पर लिखकर अपनी मनोकामना ईश्वर को बताते हैं उसे भगवान जरूर पूरा करते हैं। इस कारण इस मंदिर को लोग 'मनोकामना मंदिर' भी कहते हैं।
करीब 150 वर्ष पुराने इस मंदिर की देखरेख कामेश्वर न्यास बोर्ड के अधीन है। कहा जाता है कि इस मंदिर की स्थापना दरभंगा के राजा ने कराई थी।
मंदिर के पुजारी ध्रुवकांत झा ने आईएएनएस को बताया कि यहां प्रतिदिन 300 से ज्यादा लोग सिर्फ अपनी मनोकामना मांगने आते हैं। महावीर जयंती और रामनवमी सहित मंगलवार और शनिवार को आने वाले भक्तों की संख्या काफी अधिक होती है।
वह बताते हैं कि यहां भक्त सभी तरह की मनोकामना मांगने आते हैं परंतु विवाह से संबंधित और पुत्र की चाह रखने वाले लोगों की संख्या अधिक होती है। वह कहते हैं कि मनोकामना पूर्ण होने के बाद लोग पुन: महावीर मंदिर आते और उनकी श्रद्घापूर्वक पूजा करते हैं।
इधर, दरभंगा के प्रकाश कुमार बताते हैं कि इस मंदिर में मांगी गई मुराद कभी अधूरी नहीं रहती। वह कहते हैं कि इसे लोगों की श्रद्घा कहें या अटूट विश्वास लेकिन लोगों के मनोकामना लिखने के कारण इस मंदिर की दीवारें भरी रहती हैं। इस मंदिर की दीवारों पर बनी कलाकृतियां भी इस मंदिर को खूबसूरत बनाती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications