उत्तरप्रदेश में एसडीएम गिरफ्तार, मौत की रची थी साजिश
बाराबंकी जिले में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त रथिभान वर्मा को शुक्रवार को भाड़े के तीन हत्यारों के साथ गिरफ्तार किया गया। वर्मा ने पड़ोसियों की हत्या के लिए इन तीनों को बुलाया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "एसडीएम कई बार दोनों पड़ोसियों विनोद अवस्थी और कुसुम मिश्रा से झगड़ चुके थे। उन्हें शक था कि पड़ोसी उनकी बेटियों में से एक को बाहर ले जाने और उसके साथ दुर्व्यवहार करने की कोशिश कर रहे थे।"
वर्मा के निजी चालक सरबजीत की हत्या की जांच के आधार पर उन्हें और भाड़े के तीनों हत्यारों को गिरफ्तार किया गया है।सरबजीत, वर्मा के चिन्हट स्थित घर के सर्वेट क्वार्टर में रहता था। मंगलवार शाम उसे मृत पाया गया था। हत्या की जांच कर रही पुलिस को पता चला है कि वर्मा ने शुरुआत में सरबजीत के जरिए ही भाड़े के हत्यारों को बुलाया था। वर्मा, सरबजीत के साथ बेटे जैसा व्यवहार करता था।
वर्मा की पत्नी कैलाशा को डर था कि सरबजीत उनकी संपत्ति हथियाने के लिए पूरे परिवार की हत्या कर सकता था।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद ने आईएएनएस से कहा, "कैलाशा को पता था कि उसके पति ने पड़ोसियों से निपटने के लिए भाड़े पर तीन लोगों को बुलाया है। उसने सरबजीत को रास्ते से हटाने के लिए भाड़े के उन्हीं तीन हत्यारों की मदद लेने का निर्णय लिया।"
उन्होंने बताया, "कैलाशा ने तीनों को कार और अधिक पैसा देने का प्रलोभन देकर अपने लिए काम करने को तैयार कर लिया। बाद में तीनों ने कैलाशा के कहने पर सरबजीत की हत्या कर दी।"कैलाशा को बुधवार रात उनके घरेलू नौकर मोतीलाल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था।













Click it and Unblock the Notifications