बिहार में नक्सलियों ने मोबाइल टॉवर फूंके
पुलिस के अनुसार मीरपुर गांव में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के 30 से 40 संदिग्ध सदस्यों ने धावा बोला और वहां एक ही परिसर में लगे दो निजी टेलीफोन कंपनी के दो मोबाइल फोन टॉवरों में आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली फरार हो गए।
इस घटना में दोनों टॉवर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना को अंजाम देने के पहले नक्सलियों ने वहां कार्यरत चौकीदार को भगा दिया था।
मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक पारसनाथ ने गुरुवार को बताया कि घटनास्थल से पुलिस ने एक बम भी बरामद किया। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि मगंलवार की 12 बजे रात से नक्सलियों ने बिहार समेत पांच राज्यों में 48 घंटे के बंद का आह्वान कर रखा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications