नक्सली बंद के दौरान तीन की हत्या, जनजीवन प्रभावित (राउंडअप)
बंद के दौरान नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में तीन लोगों की हत्या कर दी। बंद का राज्य के पिछड़े इलाकों के जनजीवन पर बुरा असर पड़ा है।
राज्य के पुलिस प्रमुख विश्व रंजन ने आईएएनएस को बताया, "नक्सलियों ने पुलिस के मुखबिर होने के संदेह में तीन लोगों को गोलियों से भून दिया। उनके शव नारायणपुर में जंगलों से घिरे एक गांव से बरामद हुए हैं।"
उन्होंने कहा कि लोगों की हत्या की फिराक घूम रहे चार नक्सलियों को राजनंदगांव जिले में गिरफ्तार किया गया है। छत्तीसगढ़ के वन क्षेत्र वाले पिछड़े इलाकों में बंद से सामान्य जनजीवन सर्वाधिक प्रभावित हुआ।
नक्सलियों के प्रभाव वाले राज्य के बस्तर क्षेत्र, जिसमें पांच जिले- नारायणपुर, कांकेर, बस्तर, बीजापुर और दंतेवाड़ा शामिल हैं, में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस महानिरीक्षक टी.जे. लोंगकुमार ने जगदलपुर मंडल मुख्यालय में संवाददाताओं को बताया, "नक्सली हमले की आशंका से ट्रांसपोर्टर बसें नहीं चला रहे हैं। हालांकि बस्तर क्षेत्र के किसी इलाके से हिंसा की कोई सूचना नहीं हैं।"
रायपुर पुलिस मुख्यालय के अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि पिछड़े इलाकों में सड़कें जाम कर दी गई हैं, नक्सलियों ने बीजापुर तथा दंतेवाड़ा जिलों में राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गो को बंद कर दिया है।
अधिकारियों के अनुसार बस्तर क्षेत्र के 40,000 वर्ग किलोमीटर जंगली इलाकों में हमेशा बंद जैसी हालत ही रहती है।
बंद का आान नारायणपुर में हुए नक्सली हमले में 27 सुरक्षा जवानों की शहादत के अगले ही दिन किया गया।
पश्चिम बंगाल के जनजाति बहुल तीन जिलों में सामान्य जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। नक्सलियों की अत्यधिक सक्रियता वाले पश्चिम मिदनापुर, बांकुड़ा और पुरुलिया में बंद पूर्णत: सफल रहा। दुकानें, स्कूल और यहां तक कि सरकारी कार्यालय भी बंद रहे।
पश्चिम मिदनापुर के पुलिस अधीक्षक मनोज वर्मा ने बताया, "सभी दुकानें, स्कूल, सरकारी कार्यालय और पंचायत के दफ्तर तक बंद रहे। सड़कों पर एक भी वाहन नहीं चला।"
पश्चिम मिदनापुर जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "नक्सलियों द्वारा पिछले दिनों कराए गए बंद के अनुभवों को याद करते हुए निजी ट्रांसपोर्टरों ने आवश्यक वस्तुओं से लदे अपने वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर नहीं चलाया।"
बांकुड़ा जिले के सारेंगा, बारिकुल और खटरा इलाके पूरी तरह बंद रहे। पश्चिम मिदनापुर जिले पर भी बंद का काफी असर रहा।
बांकुरा के पुलिस अधीक्षक विशाल गर्ग ने बताया, "वाहनों का परिचालन प्रभावित हुआ और लोग घरों से बाहर नहीं निकले।"
पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक राजेश यादव के अनुसार, बर्दवान और बलरामपुर इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ। सड़कों पर निजी बसें, कार और ट्रक नहीं चले।
झारखण्ड में पुलिस ने चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया है वहीं नक्सलियों द्वारा घोषित बंद के चलते ग्रामीण इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ।
पुलिस के मुताबिक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी के तीन नक्सलियों को रांची से 190 किलोमीटर दूर गिरिडीह जिले के जंगलों में गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार नक्सलियों से पुलिस ने दो राइफलें और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक अन्य नक्सली को हजारीबाग जिले में गिड्डी गांव में गिरफ्तार किया गया है।
बंद के चलते ग्रामीण इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा, यहां यातायात के साधन बाधित रहे। खनन कार्य भी गंभीर रूप से प्रभावित हुआ।
बिहार के गया रेलवे स्टेशन पर विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के जवानों ने बुधवार रात के चार संदिग्ध नक्सलियों को गिरफ्तार किया।
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने गुरुवार को बताया कि एसटीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर चारों नक्सलियों को रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों में भाकपा माओवादी के मगध क्षेत्र का सदस्य नरेश दास, राजगीर क्षेत्र का सब जोनल कमांडर विजय राम उर्फ वरुण, एरिया कमांडर अलखदेव राजवंशी उर्फ सद्दाम तथा झारखंड राज्य के कोडरमा क्षेत्र का एरिया कमांडर विनोद उर्फ बबलु शामिल है। गिरफ्तार किए गए नक्सलियों से पूछताछ की जा रही है।
बिहार के मोतिहारी जिले के चिरैया थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने बुधवार रात दो निजी टेलीफोन कंपनियों के मोबाइल फोन टॉवरों को आग लगा दी।
पुलिस के अनुसार मीरपुर गांव में 30 से 40 नक्सलियों ने धावा बोला और वहां एक ही परिसर में लगे दो निजी टेलीफोन कंपनी के दो मोबाइल फोन टॉवरों में आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली फरार हो गए।
इस घटना में दोनों टॉवर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना को अंजाम देने के पहले नक्सलियों ने वहां कार्यरत चौकीदार को भगा दिया था।
मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक पारसनाथ ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस ने एक बम भी बरामद किया। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications