उप्र में गर्मी और उमस बरकरार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में हल्की बारिश होने के बावजूद तपिश और उमस से लोगों को राहत नहीं मिली है।राज्य के बहराइच, देवरिया, बांसगांव, मऊ, बलिया, गोरखपुर, बांदा, सहित विभिन्न जिलों में बुधवार को लोगों ने बारिश का आनंद उठाया। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा 20 मिलीमीटर बारिश बांसगांव में दर्ज की गई।
बारिश के असर से अधिकतम तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आई। पिछले 24 घंटों के दौरान इटावा और आगरा राज्य के सबसे अधिक गर्म स्थान रहे जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब चार डिग्री सेल्सियस अधिक था।
इसके अलावा बरेली का अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री, इलाहाबाद 38.5 डिग्री और राजधानी लखनऊ का 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पूर्वी और तराई क्षेत्र के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र लगातार बना हुआ है। अगले 24 घंटों के भीतर यहां पर तेज बारिश होने की संभावना है।













Click it and Unblock the Notifications