जावेद सिर्फ एक हत्या का आरोपी : मुंबई पुलिस (लीड-2)
इस आधार पर पुलिस ने जावेद को केवल 19 जून को हुए नुसरत शेख की हत्या के मामले में आरोपी बताया है।
मुंबई पुलिस के आयुक्त संजीव दयाल ने गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "19 साल के आरोपी जावेद रहमान शेख को सीरियल किलर नहीं कहा जा सकता और न ही यह कहा जा सकता है कि उसने हत्या के बाद लड़की के साथ दुष्कर्म किया।"
दयाल ने कहा, "जावेद को कल (बुधवार) गिरफ्तार किया गया था, हमने उसे आज (गुरुवार) न्यायालय में पेश किया। उसे 14 दिन की हिरासत में भेज दिया गया है। हम हत्या के बारे में और जानकारियों की जांच-पड़ताल कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "अभी केवल एक हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है दो अन्य मामलों में आरोपी की खोज अभी जारी है।"
डीएनए रिपोर्ट के मुताबिक जावेद के डीएनए नमूने 19 जून को हत्या की गई नुसरत शेख के नाखूनों से मिले डीएनए नमूनों से मेल खा रहे हैं।
आरोपी के बारे में जानकारी देते हुए दयाल ने कहा कि जावेद नुसरत के पड़ोस में रहता है और दसवीं कक्षा तक पढ़ा है।
दयाल ने कहा, "वह घरों में इंटरनेट केबल लगाने और घरों से बिल भुगतान एकत्र करने का काम करता था।"
वत्सल ताज नगर में 19 जून को अपने घर के पास खेल रही नुसरत अचानक गायब हो गई थी बाद में उसे मृत अवस्था में पाया गया था।
वहीं सात मार्च को नेहरू नगर के पुलिस क्वार्टर्स की छत पर एक नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी।
इससे पहले नेहरू नगर की एक इमारत में नौ फरवरी को एक पांच साल की बच्ची को मृत अवस्था में एक बैग में पाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications