बिहार में नक्सलियों के बंद का मिलाजुला असर (लीड-1)
नक्सलियों ने बंद के दौरान बुधवार की देर रात मोतिहारी जिले के चिरैया थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव स्थित दो निजी टेलीफोन कंपनियों के मोबाइल टावरों में आग लगा दी, जिससे दोनों मोबाइल टावर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा मुंगेर जिले के खड़गपुर थाना क्षेत्र के भीमबांध जंगल में एक ट्रक चालक की नक्सलियों ने हत्या कर दी। इसके पूर्व नक्सलियों ने चालक को खड़गपुर-जमुई पथ से अगवा कर लिया था।
राज्य के नक्सल प्रभावित जिलों मोतिहारी, औरंगाबाद, गया, जमुई, अरवल, जहानाबाद, रोहतास, मुंगेर तथा अरवल जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में इस बंद का व्यापक असर देखा गया।
राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश दुकानें बंद रही तथा सरकारी कार्यालयों में भी अन्य दिनों की अपेक्षा लोगों की उपस्थिति कम देखी गई। पटना से लंबी दूरी तक चलने वाली बसें अवश्य चली परंतु ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बिल्कुल ठप्प रहा।
बंद के कारण रेलवे द्वारा ट्रेनों के रद्द करने या उनके परिवर्तन कर दिए जाने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि नक्सलियों ने इस बंद में रेलवे को मुक्त रखने कर घोषणा की है।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक पी़ क़े ठाकुर ने बताया कि राज्य में बंद के दौरान अब तक कहीं से बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह चौकस है तथा रेल सेवाओं को बंद से अलग रखने के बावजूद पुलिस रेल मार्गो पर पूरी तरह सतर्कता बरत रही है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने बिहार सहित छतीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा में मंगलवार को 12 बजे रात से बंद का आह्वान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications