भाड़े के हत्यारों के साथ एसडीएम गिरफ्तार (लीड-1)
लखनऊ, 1 जुलाई(आईएएनएस)। राजधानी लखनऊ में एक उपजिलाधिकारी(एसडीएम) को अपने दो पड़ोसियों को हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
बाराबंकी में तैनात एसडीएम रतिभान वर्मा के साथ उन तीन कथित हत्यारों को गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया, जिनको एसडीएम ने कथित तौर पर पड़ोसियों को ठिकाने लगाने के लिए भाड़े पर बुलाया था।
लखनऊ के पुलिस अधीक्षक (ट्रांस गोमती) अब्दुल हमीद ने संवाददाताओं को बताया कि एसडीएम का अपने पड़ोसी विनोद अवस्थी और कुसुम मिश्रा से इस बात पर विवाद चल रहा था कि वे दोनों उनकी बेटी को गुमराह कर रहे हैं।
आरोप है कि एसडीएम ने पड़ोसियों को निपटाने के लिए अपने ड्राइवर सर्वजीत की मदद से कुछ दिन पहले भाड़े के तीन हत्यारों को बुलाया था। सर्वजीत की मंगलवार को एसडीएम के लखनऊ के चिनहट स्थित घर के निकट चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस की जांच में सामने आया कि ड्राइवर सर्वजीत की हत्या एसडीएम की पत्नी कैलाशा ने भाड़े के उन्हीं तीन हत्यारों के करवा दी, जिनको सर्वजीत एसडीएम के कहने पर पड़ोसियों को निपटाने के लिए लाया था।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ड्राइवर सर्वजीत को एसडीएम अपने बेटे की तरह मानते थे और उन्होंने उसे अपने घर में एक कमरा दे रखा था। पत्नी कैलाशा को अपने नौकर मोती से इस बात की भनक लगी कि सर्वजीत जायदाद के लिए पूरे परिवार की हत्या करवाने की साजिश रच रहा है, तो उसने सर्वजीत द्वारा ही भाड़े पर लाए गए तीन हत्यारों को पैसों का लालच देकर उनसे ही सर्वजीत की हत्या करवा दी।
पुलिस एसडीएम की पत्नी कैलाशा और नौकर मोती को पहले ही बुधवार देर रात गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस उपाधीक्षक आर. एल.जयंत ने संवाददाताओं से कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि ड्राइवर सर्वजीत की हत्या में एसडीएम की भूमिका थी या नहीं इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications