नक्सलियों के बंद से छत्तीसगढ़ में जनजीवन प्रभावित
रायपुर, 1 जुलाई (आईएएनएस)। प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के आह्वान पर पांच राज्यों में रखे गए दो दिवसीय बंद के दूसरे दिन गुरुवार को छत्तीसगढ़ के वन क्षेत्र वाले पिछड़े इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।
नक्सलियों के प्रभाव वाले राज्य के बस्तर क्षेत्र, जिसमें पांच जिले- नारायणपुर, कांकेर, बस्तर, बीजापुर और दंतेवाड़ा शामिल हैं, में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस महानिरीक्षक टी.जे. लोंगकुमार ने जगदलपुर मंडल मुख्यालय में संवाददाताओं को बताया, "नक्सली हमले की आशंका से ट्रांसपोर्टर बसें नहीं चला रहे हैं। हालांकि बस्तर क्षेत्र के किसी इलाके से हिंसा की कोई सूचना नहीं हैं।"
रायपुर पुलिस मुख्यालय के अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि पिछड़े इलाकों में सड़कें जाम कर दी गई हैं, नक्सलियों ने बीजापुर तथा दंतेवाड़ा जिलों में राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गो को बंद कर दिया है।
अधिकारियों के अनुसार बस्तर क्षेत्र के 40,000 वर्ग किलोमीटर जंगली इलाकों में हमेशा बंद जैसी हालत ही रहती है।
बुधवार को शुरू हुए बंद के दायरे में झारखण्ड, बिहार, उड़ीसा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। बंद का आह्वान नारायणपुर में हुए नक्सली हमले में 27 सुरक्षा जवानों की शहादत के अगले ही दिन किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications