कनाडाई कंपनी को कावेरी बेसिन में तेल ब्लॉक आवंटित
गुरमुख सिंह
टोरंटो, 1 जुलाई (आईएएनएस)। कनाडा की कंपनी बंगाल एनर्जी को कावेरी बेसिन में कर्नाटक और तमिलनाडु सीमा पर तेल उत्खनन एवं अन्वेषण के लिए एक ब्लॉक का आवंटन किया गया है।
केंद्र सरकार के साथ समझौते के तहत चयन चक्रवर्ती के नेतृत्व वाली इस कंपनी को इस तेल ब्लॉक के विकास का काम सौंपा गया है। कुल 2,50,000 स्क्वेयर किलोमीटर में फैले इस तेल ब्लॉक में 28 तेल एवं गैस इलाके मौजूद हैं।
टोरंटो स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध बंगाल एनर्जी को 2008 में एवेरी रिसोर्सेज ने खरीद लिया था।
एवेरी रिसोर्सेज ने जुलाई 2008 में अपने कारोबार का केंद्र भारत और ऑस्ट्रेलिया में स्थापित करते हुए अपना नाम बदलकर बंगाल एनर्जी लिमिटेड कर लिया था।
कनाडाई कंपनी को मिले ब्लॉक की लंबाई 1,362 किलोमीटर है, जिसमें से 7-16 किलोमीटर लंबे किनारे के हिस्से में पानी की गहराई 100 मीटर से कम है।
बंगाल एनर्जी ने देश की नई उत्खनन नीति (नेल्प) के तहत इस ब्लॉक की बोली जीती थी। कंपनी ने अपने एक बयान में कहा कि उत्पादन साझेदारी समझौते के तहत इस ब्लॉक में कंपनी की हिस्सेदारी 100 प्रतिशत है।
कंपनी ने कहा कि वह सात साल के उत्खनन काल के पहले चार साल में ब्लॉक के 310 किलोमीटर हिस्से का द्वि आयामी और 81 किलोमीटर हिस्से का त्रि आयामी रूप में अन्वेषण और आंकड़ों का संग्रह करेगी।
कंपनी को अगले सात साल तक वाणिज्यिक उत्पादन में पूर्ण कर छूट दी जाएगी।
कंपनी ने इससे पहले तमिलनाडु में कावेरी बेसिन में तेल खोज के लिए गेल इंडिया और गुजरात स्टेट पेट्रोलियम कार्पोरेशन के साथ समूह भी स्थापित किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications