जम्मू-कश्मीर में एसएमएस सेवा बंद
जम्मू। सुरक्षा बलों और अलगाववादियों के बीच हिंसक झड़पों के बाद घाटी में बुधवार को एसएमएस सेवाएं बंद कर दी गईं। इससे एक दिन पहले ही उत्तरी कश्मीर में ये सेवाएं बंद की गई थीं।
सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "राष्ट्र विरोधी तत्वों और उनके मंसूबों को रोकने के लिए एसएमएस सेवाएं बंद की गई हैं। एसएमएस सेवाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।" एक मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनी का कहना है, "हमें गृह विभाग की ओर से एसएमएस सेवाओं को पूरे राज्य में बंद करने का आदेश दिया गया है।"
सीआरपीएफ के जवानों और पथराव कर रही भीड़ की झड़प के दौरान कुछ लोगों की मौत के बाद पूरी घाटी में तनाव फैल गया था। इसके बाद एसएमएस सेवाएं बंद की गई थीं। बीते 15 दिनों के भीतर घाटी में आठ लोग मारे जा चुके हैं।
गौरतलब है कि 2008 में अमरनाथ श्राइन बोर्ड के लिए भूमि आवंटन के बाद शुरू विवाद सरकार ने राज्य में एसएमएस सेवाओं पर पाबंदी लगा दी थी। वर्ष 2009 में दो महीने से भी लंबे समय तक प्री-पेड मोबाइल सेवाएं बंद कर दी गई थीं।












Click it and Unblock the Notifications