कश्मीर में तनाव कम करने के लिए प्रधानमंत्री की पहल (लीड-1)
राज्य में पिछले पांच दिनों के विरोध प्रदर्शनों के दौरान आठ लोगों की मौत हो चुकी है।
मनमोहन सिंह के सरकारी आवास पर एक घंटा चली बैठक के बाद चिदंबरम ने संवाददाताओं को बताया, "हमने सुरक्षा बलों द्वारा की जा रही कार्रवाई के साथ ही कुछ राजनीतिक कार्रवाई करने के लिए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से और अन्य मंत्रियों से हिंसाग्रस्त इलाकों का दौरा करने के लिए कहा है।"
बैठक में चिदंबरम, रक्षा मंत्री ए.के.एंटनी और दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी तथा सुरक्षा व खुफिया एजेंसियों के प्रमुखों ने हिस्सा लिया।
चिदंबरम ने कहा, "हमें भरोसा है कि घाटी में कुछ दिनों के भीतर स्थिति सामान्य हो जाएगी।"उन्होंने कहा कि बैठक में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के बयान की तारीफ की गई।
अब्दुल्ला ने मंगलवार को शांति के लिए भावनात्मक अपील की थी। उन्होंने घाटी में जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने का संकल्प लिया था और हिंसा भड़काने वाली राष्ट्रविरोधी और स्वार्थी तत्वों की निंदा की थी।
चिदंबरम ने कहा कि इस हिंसा में अब तक एक निरीक्षक सहित अर्धसैनिक बल के 53 जवान घायल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सुरक्षा बलों को बार-बार निर्देश दिया है कि दंगाग्रस्त और पथराव कर रही भीड़ से निपटते समय अधिकतम संयम बरता जाए।
चिदंबरम ने कहा, "केंद्र सरकार सामान्य स्थिति बहाल करने में राज्य सरकार को मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है।"
उन्होंने आगे कहा, "तीर्थ यात्रियों को पूरा सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। हमें उम्मीद है कि जम्मू एवं कश्मीर में कोई भी व्यक्ति यात्रा में व्यवधान डालने के लिए कोई गलत कदम नहीं उठाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications