भारतीय की हत्या मामले में 3 किशोर आरोपित
न्यूयार्क, 30 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी अधिकारियों ने न्यू जर्सी के ओल्ड ब्रिज स्थित आवास के नजदीक एक भारतीय अमेरिकी प्रोफेसर की मौत के लिए तीन किशोरों को जिम्मेदार ठहराया है और उन पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
अभियोग पक्ष के वकील ब्रूस काल्पन के अनुसार दिव्येंदु सिन्हा (49) को गत सोमवार को घायल हालत में न्यू ब्रुंसविक स्थित राबर्ट वुड जॉनसन यूनिवर्सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
गत शुक्रवार को कालेज ऑफ स्टेटेन आइलैंड के पूर्व प्राध्यापक सिन्हा और उनके दो बेटों पर हमला किया गया। इस सिलसिले में तीन किशोरों को गिरफ्तार किया गया है। सिन्हा ने सीएसआई के कंप्यूटर विज्ञान विभाग में वर्ष 1990 से 1999 तक सहायक प्रोफेसर के रूप में अध्यापन किया था।
काल्पन ने कहा कि सिन्हा पर हुए हमले की जांच जारी है और प्रथम दृष्टया यह पिटाई का मामला नजर आता है। उन्होंने कहा कि यह हमला 'नस्लीय भावना' से नहीं किया गया है, बल्कि अचानक वार किया गया है और इसमें किसी हथियार का इस्तेमाल नहीं हुआ है।
अधिकारियों ने संवाददाताओं को बताया कि गत शुक्रवार को सुबह 11.30 बजे के आसपास उनके पास 911 पर कॉल अाए। अधिकारी जब पहुंचे, तब उन्होंने पीड़ित को फिला ड्राइव स्थित घर के बाहर पड़ा पाया।
सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश रोजर डिले ने गत सोमवार की सुबह मामले की सुनवाई की। उन्होंने इस मामले में वांछित तीन किशोरों को सुधार गृह भेज दिया।
तीन किशोरों को गुरुवार को पारिवारिक अदालत में लाया जाएगा, जहां उन पर हत्या और हत्या की साजिश रचने के मामले पर प्रारंभिक सुनवाई होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications