न्यूजीलैंड के साथ मुक्त व्यापार समझौते पर वार्ता अगस्त में संभव
हैमिल्टन, 30 जून (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत का अगला दौर नई दिल्ली में अगस्त में शुरू होने की संभावना है।
विदेश एवं व्यापार मंत्रालय (एमएफएटी) ने भारत और न्यूजीलैंड व्यापार परिषद को सौंपी अपनी रिपोर्ट में कहा है कि भारतीय अधिकारी वार्ता के लिए तारीख तय कर रहे हैं।
एमएफएटी के व्यापारिक प्रकाशन बिजनेस लिंक के अप्रैल-मई संस्करण में कहा गया है कि मुक्त व्यापार समझौते के लिए पहले चरण की बातचीत 7-8 अप्रैल 2010 को वेलिंगटन में पूरी हुई है।
दो दिन की इस वार्ता में दोनों देशों के हितों से संबंधित सभी मद्दों पर रचनात्मक बातचीत हुई। दोनों देशों ने समझौते के लिए प्रत्येक क्षेत्र में बातचीत के मुद्दों को निर्धारित किया।
न्यूजीलैंड व्यापार परिषद के अध्यक्ष वेन्सिलस एंथनी ने कहा कि परिषद को इस बात की खुशी है कि एमएफएटी ने वार्ता से पहले उसकी सिफारिशों को समझौते में शामिल करने की मंजूरी दी है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री कपिल सिब्बल और अप्रवासी मामलों के मंत्री व्यालार रवि की हाल की यात्रा के दौरान उन्होंने परिषद को दिए अपने संबोधन में दोनों देशों के व्यापार को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
भारतीय निर्यातों के लिए न्यूजीलैंड एक बड़ा व्यापार केंद्र बनकर उभरा है खासकर मंदी के मौजूदा दौर में यहां से मांग में बढ़ोतरी हुई है।
भारत में न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त रूपर्ट हॉलब्रो ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौता होने के बाद दोनों देशों के बीच आपसी व्यापार अगले 10 सालों में चार गुना बढ़कर 4 अरब डॉलर हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications