दिल्ली स्वाइन फ्लू मुक्त, बारिश में परेशानी संभव
अंजलि ओझा
नई दिल्ली, 30 जून (आईएएनएस)। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में पिछले सप्ताह ही स्वाइन फ्लू से एक मौत हुई है लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि हाल के कुछ महीनों में स्वाइन फ्लू से लगभग मुक्त रही दिल्ली में बारिश के मौसम में इस बीमारी का संक्रमण बढ़ सकता है।
दिल्ली में एक महीने से लंबे समय में अब तक स्वाइन फ्लू के केवल दो मामले सामने आए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले मानसून में इस वायरस का संक्रमण बढ़ सकता है।
फरीदाबाद स्थित 'एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडीकल साइंस' में सलाहकार पुनीत कुमार प्रूथी कहते हैं, "गर्मी और आद्र्रता इस वायरस को प्रजनन की अच्छी स्थितियां उपलब्ध कराते हैं।"
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने जून 2009 में एच1एन1 फ्लू को महामारी घोषित कर दिया था।
इस साल इस बीमारी से निपटने के लिए पहले से की गई तैयारियों के तहत भारत ने इस महीने की शुरुआत में देश में ही निर्मित स्वाइन फ्लू का टीका जारी किया था। वैसे जायडस कैडिला द्वारा निर्मित यह टीका अभी दिल्ली के बाजारों में मिलना शुरू नहीं हुआ है।
'ऑल कैमिस्ट एसोसिएशन' के कैलाश गुप्ता कहते हैं, "अभी स्वाइन फ्लू के टीके दवा की दुकानों पर नहीं मिल रहे हैं।"
इस नए टीके के इलाज के लिए बाजार में आने के समय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद और कैडिला प्रमुख पंकज पटेल के दावे के बावजूद ये टीके दवा की दुकानों पर नहीं हैं हालांकि अभी इनकी मांग बहुत कम है।
बाजार में टीके न मिलने के विषय में पूछे जाने पर दिल्ली सरकार के प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) जे. पी. सिंह ने आईएएनएस से कहा, "हम इसकी जांच करेंगे।" उन्होंने कहा कि प्रशासन स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications