पुरुषों को नपुंसक बनाती है ज्यादा शॉपिंग!
लंदन। वैज्ञानिकों का मानना है कि खरीददारी (शॉपिंग) पुरुषों के स्वास्थ्य, खासतौर पर उनकी उर्वरा शक्ति के लिए खतरनाक हो सकती है। वैज्ञानिकों ने पाया है कि खरीददारी के बाद मिलने वाले कैश-रिसिप्ट (रसीद) में एक प्रकार का ऐसा रसायन पाया जाता है, जो पुरुषों को नपुंसक भी बना सकता है।
बिस्फेनोल-ए (बीपीए) नाम का यह रसायन शरीर में पुरुषत्व की अनुभूति दिलाने वाले हॉरमोन को खत्म कर देता है और उन्हें नपुंसक बना देता है। इस रसायन का उपयोग कागज पर स्याही को ठीक तरह से दिखने देने के लिए होता है। यह उस समय पुरुषों के शरीर में प्रवेश करता है, जब वे खरीददारी के बाद रसीद को अपने हाथ में लेते हैं।
क्लिक करें- स्वास्थ्य की अन्य खबरें
आमतौर पर हम रसीद को हाथ में लेने के दौरान कई बार उस हाथ को मुंह में डालते हैं और उसी हाथ से खान-पान की वस्तुओं को भी छूते हैं। यहीं से वह रसायन पुरुषों के शरीर में प्रवेश करता है। समाचार पत्र 'डेली टेलीग्राफ' के मुताबिक इस शोध से जुड़े जर्मनी के यूरोलॉजिस्ट फ्रैंक सोमर ने कहा है कि यह रसायन पुरुषों के सेक्स हारमोन को नुकसान पहुंचाने में सक्षम होता है।
इसके अलावा बीपीए को स्तन कैंसर, दिल की बीमारियों, मोटापा, हाइपरएक्टीविटी और अन्य कई तरह के विकारों से जोड़ा जाता है। कनाडा और अमेरिका के कई प्रातों में इसके उपयोग पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications