पटना में राजद का ट्रैक्टर जुलूस
पटना, 30 जून (आईएएनएस)। पेट्रोलियम पदार्थो की मूल्य वृद्घि के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बुधवार को राजधानी पटना में ट्रैक्टर जुलूस निकाला।
राजद के किसान प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित इस जुलूस में सैकड़ों कायकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस जुलूस में राजद कार्यकर्ताओं को ट्रैक्टर धकेलते देखा गया। जुलूस का नेतृत्व राजद के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल बारी सिद्दीकी ने किया।
जुलूस में शामिल किसानों का कहना था कि पहले से महंगाई की मार झेल रहे किसानों को अब पेट्रोलियम पदार्थो की मूल्य वृद्घि के कारण ट्रैक्टर में डीजल भरवाना मुश्किल हो गया है।
जुलूस में शामिल राजद महासचिव रामकृपाल यादव ने कहा कि राज्य में मानसूनी बारिश नहीं होने के कारण किसान सूखे की आशंका से परेशान हैं। ऊपर से केन्द्र सरकार द्वारा पेट्रोलियम पदार्थो की मूल्य वृद्घि ने किसानों की परेशानी और बढ़ा दी है।
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जमाखोरों को बढ़ावा दे रही है। इसके कारण राज्य में महंगाई बढ़ गई है। उन्होंने केन्द्र सरकार से तत्काल पेट्रोलियम पदार्थो की बढ़ी कीमतों को वापस लेने की मांग की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications