ट्रेन में जहरखुरानी की वारदातों पर रेलवे ने कसा शिकंजा
नई दिल्ली। रेल मंत्रालय ने बुधवार को रेलगाड़ियों में चोरी और जहरखुरानी की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए गृह मंत्रालय से मदद मांगी है। रेल राज्य मंत्री ई. अहमद ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एम. रामचंद्रन को लिखे पत्र मेंइन अपराधों को रोकने के लिए दिशानिर्देश जारी करने को कहा है।
रेल मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, "अहमद ने गृह मंत्रालय से मांग की है कि रेलगाडियों में यात्रियों के साथ हो रही चोरी और जहरखुरानी की घटनाओं को रोकने के लिए गृह मंत्रालय स्पष्ट निर्देश जारी करे और यात्रियों का भरोसा बढ़ाने वाले कदम उठाए।"
बयान में कहा गया है कि रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था का नियंत्रण राज्य पुलिस के पास है और रेलवे सुरक्षा बल के पास केवल रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा से संबंधित सीमित अधिकार हैं इसलिए गृह मंत्रालय इस मामले में उचित कदम उठाए।
क्लिक करें- देश दुनिया की ताज़ा खबरें
रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा के मुद्दे पर एक उच्च स्तरीय बैठक में अहमद ने रेलवे बोर्ड को निर्देशित करते हुए कहा, "यात्रियों को भारी नुकसान और मानसिक यंत्रणा देने वाली इन घटनाओं को रोकने के लिए स्पष्ट रणनीति बनाई जाए।" रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के महानिदेशक भी इस बैठक में उपस्थित थे।
निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर 26 जून को केरल जा रही निजामुद्दीन-एर्नाकुलम दूरंतो एक्सप्रेस रेलगाडी़ में एक व्यक्ति का सूटकेस चोरी होने की घटना के बाद यह उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई है। बयान में कहा गया कि आरपीएफ के महानिदेशक ने इस मामले को दिल्ली, केरल और देश के अन्य राज्यों की पुलिस के सामने उठाया है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जिसके पास से दो सूटकेस बरामद हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications