'भारत के साथ संबंधों पर जोर देता रहेगा अमेरिका'
वाशिंगटन, 30 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के एक शीर्ष आर्थिक सलाहकार ने कहा है कि अमेरिका भारत के साथ संबंधों को मजबूत बनाने पर जोर देता रहेगा। इसे वाशिंगटन अगली पीढ़ी के सर्वाधिक महत्वपूर्ण संबंध के रूप में देखता है।
राष्ट्रीय आर्थिक सलाहकार परिषद के निदेशक लारेंस एच.समर्स ने मंगलवार को कहा, "मेरे विचार से इस बारे में कोई सवाल नहीं है लेकिन भारत के साथ संबंध अमेरिका की अगली पीढ़ी के लिए सबसे महत्वपूर्ण बनने जा रहा है।"
प्रौद्योगिकीय संभावनाओं, रोजगार निर्माण और आर्थिक वृद्धि पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा, "और इसलिए हम इस संबंध पर ज्यादा से ज्यादा जोर दे रहे हैं और निश्चित रूप से राष्ट्रपति ओबामा का इरादा इसे जारी रखने का है।"
यह पूछे जाने पर कि टोरंटो के जी-20 शिखर सम्मेलन के बाद वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत अमेरिका के साथ क्या भूमिका निभाएगा, समर्स ने कहा, "यदि आपका कथन सूचना प्रौद्योगिकी, लोकतंत्र, अंग्रेजी भाषा, आधुनिकीकरण और नवीन अर्थव्यवस्था के बारे में है..आपको एहसास होना चाहिए कि अमेरिका और भारत के बीच कितनी समानताएं हैं।"
उन्होंने कहा, "आपको एहसास है कि अगली पीढ़ी में वे दुनिया की तीन विशालतम अर्थव्यवस्थाओं में से एक होंगे और मेरे विचार से हमारे संबंधों में इसका एक बड़ा हिस्सा है।"
वायरलेस स्पेक्ट्रम को खोलने के बारे में ओबामा की पहल के बारे में समर्स ने कहा, "कई अन्य देशों में अमेरिका की तुलना में स्पेक्ट्रम पर कम भार है और वे वायरलेस युग की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि चीन और भारत में मोबाइल फोन कंपनियां हर महीने 80 लाख से एक करोड़ के बीच ग्राहक बढ़ा रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications