मार्क्स एण्ड स्पेंसर भारत में 50 स्टोर खोलेगी
वेंकट वेमूरी
लंदन, 30 जून (आईएएनएस)। ब्रिटेन की महंगे उत्पाद बेचने वाली खुदरा कंपनी मार्क्स एण्ड स्पेंसर (एम एण्ड एस) भारत में अपना कारोबार दोगुना करने के लिए अगले तीन साल में 50 स्टोर खोलेगी।
एम एण्ड एस भारत में फिलहाल रिलायंस रिटेल के साथ संयुक्त उपक्रम के तहत 17 स्टोर चला रही है। पिछले सप्ताह कंपनी ने चन्नई में अपना नया स्टोर खोला है।
जस्ट-स्टाइल डॉट कॉम के मुताबिक एम एण्ड एस के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी ने भारत में रिलायंस रिटेल के साथ संयुक्त उपक्रम को भारत में अपनी पहुंच बढ़ाने की अनुमति दी है।
एम एण्ड एस ने कहा कि भारत में बाजार में बेहतर उपस्थिति के लिए जरूरी है कि सही जगह का चुनाव किया जाए। भारत में शापिंग मॉल्स में बेहतर स्थान उपलब्ध है लेकिन हम सही शॉपिंग मॉल का चुनाव करना चाहते हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि भविष्य में एम एण्ड एस के स्टोर पर उपभोक्ताओं को उत्पादों की बेहतर रेंज मिलेगी। उन्होंने कहा, "हम भारत में अपनी पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ अपने स्टोर्स की जगह और स्थिति पर ध्यान दे रहे हैं। उत्पादों की बेहतर रेंज उपलब्ध कराने के लिए हमें ज्यादा जगह की जरूरत होगी, जहां स्टोर काफी छोटे हैं वहां हम बड़ी जगह वाले स्टोर खोलेंगे।"
एम एण्ड एस ने वर्ष 2008 में रिलायंस कैपिटल के साथ कम कीमत पर उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए घरेलू निर्माण के लिए संयुक्त उपक्रम स्थापित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications