नेपाल में नागालैंड के गृह मंत्री को हिरासत में लिया गया
इमचेन को त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से तब हिरासत में ले लिया गया जब वह नई दिल्ली जाने के लिए जेट एयरवेज के विमान में सवार होने वाले थे। सुरक्षा जांच के दौरान इमचेन के पास से नौ लाख रुपये मूल्य के 500 और 1,000 रुपये के भारतीय नोट मिले।
इमचेन 2008 में कोरिडेंग से नागालैंड पीपुल्स फ्रंट पार्टी से विधानसभा का चुनाव जीते थे।
एक दशक पहले भारतीय रिजर्व बैंक ने पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल से नकली नोटों की आपूर्ति रोकने के लिए विदेशों में 500 और 1,000 रुपये के नोट ले जाने पर रोक लगा दी थी।
नेपाल में प्रतिबंधित मुद्रा ले जाने पर पांच साल की जेल और जुर्माना या दोनों की सजा का प्रावधान है।
इमचेन अपनी पत्नी के साथ गुप्त यात्रा पर नेपाल पहुंचे थे।
भारतीय दूतावास को मंत्री की गिरफ्तारी की जानकारी न होने से यह सवाल पैदा होता है कि उन्होंने विदेश मंत्रालय से इस यात्रा के लिए अनिवार्य अनुमति ली थी या नहीं।
इमचेन की पत्नी अलिला, पुत्र संगतीकुंबा और डोचियर को साढ़े नौ बजे की उड़ान से नई दिल्ली जाने की अनुमति दे दी गई लेकिन इमचेन को पूछताछ के लिए रोक लिया गया।
भारतीय दूतावास का कहना है कि इस मामले पर उसकी नजर है।
इससे पहले नवंबर में भी पूर्वोत्तर भारत की दो महिलाओं को नेपाल में भारतीय मुद्रा के साथ गिरफ्तार किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications