जी-8 सुरक्षा के लिए, जी-20 अर्थव्यवस्था के लिए : प्रधानमंत्री
एयर इंडिया वन से, 29 जून (आईएएनएस)। टोरंटो में जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेकर वापस लौट रहे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को कहा कि जी-20 को आर्थिक मामलों पर दुनिया का मुख्य मंच बनाने का विचार है जबकि जी-8 सुरक्षा मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा, "जहां तक जी-20 का विचार है, इस पर सहमति है कि यह अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक मुद्दों पर चर्चा का प्राथमिक मंच होगा।"
उन्होंने कहा, "मैंने कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर से बात की। उन्होंने कहा कि संभवत: जी-8 पहले की अपेक्षा सुरक्षा मामलों से और अधिक उत्साह के साथ निपटेगा।"
इसका मतलब हुआ कि अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक मामलों में भारत को व्यापक ताकत मिलेगी जो जी-20 का एक महत्वपूर्ण घटक है। इस समूह में ईयू के अलावा दुनिया के सर्वाधिक औद्योगिक और उभरती अर्थव्यवस्था वाले 19 देश शामिल हैं।
टोरंटो के जी-20 शिखर सम्मेलन की उपलब्धि काफी कम होने के दृष्टिकोण पर प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ मामलों में यह सम्मेलन नवंबर में सियोल में होने वाले अगले सम्मेलन की तैयारी था।
उन्होंने कहा, "मेरे विचार से सम्मेलन में सियोल में होने वाले सम्मेलन के लिए कार्यसूची और कार्य योजना तैयार करने में मदद मिली। फिर भी वहां इस पर बात पर सहमति थी कि सुधार की स्थिति अभी कमजोर है।"
उन्होंने कहा कि सभी पर एक ही तरह कार्रवाई का दबाव डालने की बजाय राजकोषीय मजबूती के लिए सतर्क प्रयास करने की आवश्यकता है। जो भी देश राजकोषीय मजबूती के लिए आगे बढ़ना चाहते हैं, उनको विकास प्रभावित नहीं होने देने के उपाय करने चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यूरोपीय देशों ने राजकोषीय मजबूती के लक्ष्य रखें हैं लेकिन उनको अपना कार्य सावधानी से करने पर जोर देना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications