मोरों के शव के साथ 3 शिकारी गिरफ्तार
कानपुर, 27 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात जिले में पुलिस ने राष्ट्रीय पक्षी मोर को मारने के आरोप में तीन शिकारियों को गिरफ्तार किया है।
जिले के मंगलपुर थाना क्षेत्र के डिलवल गांव में शनिवार शाम पुलिस ने तीन शिकारियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन मोरों के शव बरामद किये। शिकारी स्थानीय निवासी हैं।
मंगलपुर थाना प्रभारी राम लखन पटेल ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि तीनों ने स्वीकार किया कि बरामद मोरों की जहर देकर हत्या की।
पटेल के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में शिकारियों ने बताया कि पिछले कई सालों से वे इस धंधे में लिप्त हैं और राज्य के विभिन्न जिलों में मोरों के मांस और पंख का तस्करी करते थे।
उन्होंने बताया कि तीनों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ है। मोरों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications