जी-20 : टोरंटो में छिटपुट हिंसा
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार दर्जनों खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए गए और पुलिस के तीन वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने शनिवार को 100 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया और हिंसा पर उतारू प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर, बोतले और ईंटे बरसाई और सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए कांफ्रेंस सेंटर में दाखिल होने का प्रयास किया जहां नेताओं की बैठक हो रही थी।
अतीत के शिखर सम्मेलनों के दौरान होने वाली हिंसा के मुकाबले यह हिंसा बहुत कम है, लेकिन इसने पुलिस को हैरत में डाल दिया। इस पर काबू पाने के लिए 12,000 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया ।
टोरंटो के पुलिस प्रमुख विलियम ब्लेयर ने कहा, "शनिवार यकीनन कठिनाई भरा रहा। मुझे लगता है कि इसने हरेक नागरिक को हैरत में डाल दिया। हमने कभी भी सड़कों पर इस तरह की हिंसा नहीं देखी।"
उन्होंने कहा, "कनाडा में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है लेकिन उसमें कुछ सीमाएं भी हैं।"
स्पेन के प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, स्पेनिश प्रधानमंत्री जोस लुइस रॉड्रिग्स जपाटेरो को हवाई अड्डे से होटल ले जा रहे गाड़ियों के काफिले का रास्ता प्रदर्शनकारियों की वजह से जाम हो गया। रास्ता असुरक्षित होने की वजह से पुलिस को आखिरकार ऐन मौके पर जपाटेरो के होटल में परिवर्तन करना पड़ा।
पुलिस को आयोजन स्थल के आसपास के पांच मीटर के दायरे में तलाशी देने और अपनी पहचान बताने से इंकार करने वाले प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करने के अधिकार दे दिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications