कार्ला ब्रूनी इस साल देख सकती हैं ताजमहल
टोरंटो, 27 जून (आईएएनएस)। वर्ष 2008 में भारत दौरे के दौरान ताजमहल की खूबसूरती का आनंद उठाने वाले फ्रांसीसी राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी उस वक्त अपनी प्रेमिका कार्ला ब्रूनी को यह सुख नहीं दे पाए थे लेकिन अब फ्रांस की पहली महिला बन चुकीं ब्रूनी को यह सुख मिल सकता है।
ब्रूनी के लिए यह अवसर इस साल आ सकता है। दरअसल सरकोजी ने अपनी पत्नी ब्रूनी के साथ प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का भारत आने का न्योता स्वीकार कर लिया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने कहा, "राष्ट्रपति सरकोजी और मैडम कार्ला ब्रूनी के लिए न्योता पहले ही भेजा जा चुका है।" सिंह और सरकोजी ने जी-20 देशों के सम्मेलन के मौके पर आपसी बातचीत की।
प्रकाश ने कहा, "प्रधानमंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति ने इस साल भारत दौरे के बारे में विचार करने को कहा है।"
सरकोजी ने यह भी कहा कि फ्रांस भारत को अपने सबसे महत्वपूर्ण साझेदारों में से एक मानता है। भारत वैश्विक मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications