अत्याधुनिक हथियारों से लैस होगा त्वरित प्रतिक्रिया दल
मुंबई में हुए 26/11 के आतंकवादी हमले के बाद चण्डीगढ़ में त्वरित प्रतिक्रिया दल का गठन किया गया था। क्यूआरटी के गठन का उद्देश्य यहां पर मुंबई जैसे संभावित आतंकी हमलों से निपटना था। अब इस दल को नए और अत्याधुनिक हथियारों से लैस किया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस. एस. श्रीवास्तव ने बताया, "चण्डीगढ़ आतंकवादियों के निशाने पर है। वर्तमान में आ रही खबरों से ऐसे संकेत मिले हैं कि हमारे निकटवर्ती राज्यों में संदिग्ध आतंकवादी मौजूद हैं। इस खतरे को देखते हुए क्यूआरटी कमांडो की क्षमता को बढ़ाया जाएगा और उन्हें अत्याधुनिक उपकरणों और हथियारों से लैस किया जाएगा।"
श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस ने क्यूआरटी कमांडो की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है। कमांडो की संख्या 45 से 100 की जाएगी।
क्यूआरटी के कमांडो को दो बुलेट और ग्रेनेड प्रुफ वाहन मुहैया कराए जाएंगे जिसकी लागत 50 लाख रुपये होगी। साथ ही उनको एके 47 (7.62एमएम) जैसे अत्याधुनिक हथियारों से लैस किया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान पंजाब के विभिन्न भागों से प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों के एक दर्जन से अधिक आतंकवादी पकड़े जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications