कश्मीर के स्कूल, कॉलेज दो दिनों तक के लिए बंद
श्रीनगर, 27 जून (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी के सभी स्कूल और कॉलेज सोमवार और मंगलवार को दो दिनों के लिए बंद रहेंगे। यह कदम मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन के विरोध में अलगाववादियों द्वारा आयोजित छात्र प्रदर्शन के मद्देनजर एहतियात के तौर पर उठाया गया है।
सैयद अली शाह गिलानी के नेत़ृत्व वाले कट्टरपंथी अलगववादी हुर्रियत धड़े ने घाटी भर में सोमवार और मंगलवार को छात्रों से विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया, "घाटी के सभी स्कूल-कॉलेज अभिभावकों की मांग पर एहतियात के तौर पर सोमवार और मंगलवार को बंद रहेंगे।"
हुर्रियत के कट्टरपंथी और नरमपंथी, दोनों धड़ों ने उत्तरी कश्मीर के सोपोर कस्बे के लिए सोमवार को एक विरोध मार्च निकालने का आह्वान किया है, जहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की गोली से शुक्रवार को मारे गए दो युवकों के अंतिम संस्कार के चौथे दिन की नमाज अदा की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications