पश्चिम बंगाल : मुठभेड़ में नक्सली ढेर, 1 जवान शहीद (लीड-1)
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि जिले के झारग्राम अनुमंडल के घृटा गांव में रविवार तड़के शुरू हुई और करीब आठ घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद एक नक्सली का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने कहा कि कुछ और नक्सलियों के मारे जाने की संभावना है लेकिन उनका शव अभी बरामद नहीं हुआ है।
मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए जवान की पहचान एकतादुल इस्लाम (26 वर्ष) के रूप में की गई है जो स्पेशली ट्रेंड आर्म्ड कंपनी की चौथी बटालियन का सदस्य था। वह उत्तरी बंगाल के मालदा जिले के मानिकचंद का रहने वाला था।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण त्रिपाठी ने आईएएनएस से कहा, "हमे जानकारी मिली थी कि नक्सली क्षेत्र में छिपे हुए हैं। इसलिए हमने गांव में छापेमारी की।" मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
त्रिपाठी ने कहा, "मुठभेड 12 बजे तक जारी रही, इसमें एक सिपाही और तीन-चार नक्सलियों की मौत हुई है। नक्सली अपने साथियों के शव अपने साथ ले जाने में कामयाब हुए।"
त्रिपाठी ने कहा कि इलाके में नक्सलियों और उनके गोला-बारूद को खोजने के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है।
मुठभेड में घायल हुए सुरक्षा बलों के जवानों झारग्राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि करीब 40-50 नक्सलियों ने मुठभेड़ के दौरान अलग-अलग समूहों में बंटकर गोली बारी की। सुरक्षा बलों ने भी उन पर करीब 150 राउंड गोलियां चलाईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications