नेपाल में हिन्दू नेता की हत्या के मामले में भारतीय गिरफ्तार (लीड-1)
काठमांडू, 27 जून (आईएएनएस)। नेपाल के प्रमुख व्यापारिक केंद्र बीरगंज में माओवादियों के खिलाफ गतिविधियां चलाने वाले एक हिंदू संगठन के नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक भारतीय है। हत्या के बाद हुए विरोध प्रदर्शनों से रविवार को इलाके में तनाव फैल गया।
शनिवार शाम को एक हिंदू मठ में धर्मशाला के निर्माण कार्य का मुआयना करने पहुंचे हिंदू युवा संघ के प्रमुख 45 वर्षीय काशीनाथ अधिकारी पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। हिंदू युवा संघ नेपाल में हिंदू शासन की स्थापना के लिए गठित किया गया एक चरमपंथी संगठन है।
पुलिस के मुताबिक मोटर साइकिल पर सवार चार लोगों ने शनिवार शाम को अधिकारी पर गोलियां चलाईं। हमले में घायल अधिकारी को नारायणी स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने हत्या के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक बिहार के पूर्वी चंपारण जिले का 18 वर्षीय युवक अरविंद सिंह भी है।
अधिकारी तब चर्चाओं में आए थे जब पिछले महीने उन्होंने माओवादियों के एक शिविर पर हमले का नेतृत्व किया था।
मई महीने में पूर्व माओवादियों ने देश भर में बंद का आयोजन किया था। इस दौरान अधिकारी और उनके संगठन के सदस्यों ने माओवादियों के एक शिविर पर हमला करके उनके वाहनों और फर्नीचर को नष्ट कर दिया था। हिंदू संगठन ने शिविर में माओवादियों पर भी हमला किया था। इस घटना में दो सांसदों समेत दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
माओवादी सांसद प्रभू सिंह ने अधिकारी की हत्या में उनकी पार्टी के शामिल होने के आरोप को खारिज किया है। वहीं पुलिस ने व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के कारण हत्या की आशंका को खारिज नहीं किया है।
पिछले सप्ताह दक्षिणी नेपाल में एक व्यापारी को उसकी पत्नी के साथ गोली मार दी गई थी और दर्जनों लोगों का अपहरण किया गया था।
बीरगंज के व्यापारियों ने रविवार को इस हत्या के विरोध में बंद आयोजित किया है। दुकानें और बाजार पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं और यातायात बाधित है। पुलिस का कहना है कि मामले के संबंध में चार लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications