संदिग्ध आतंकी नेपाल में गिरफ्तार
सुदेशना सरकार
काठमांडू, 27 जून (आईएएनएस)। आतंकी गतिविधियों में संलिप्तता के संदेह में एक संदिग्ध हथियारबंद भारतीय नागरिक को नेपाल में गिरफ्तार किया गया है।
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के निवासी इब्राहिम मुसलमान को नेपाल के सीमावर्ती जिले, कपिलवस्तु में फर्जी नेपाली पासपोर्ट के साथ गिरफ्तार किया गया।
फर्जी पासपोर्ट इस बात का संकेत करता है कि उसे पाकिस्तान का वीजा दिया गया है।
गिरफ्तारी के समय मुसलमान के पास से एक पिस्तौल बरामद हुई है। नेपाली पुलिस गिरफ्तारी की तारीख के बारे में चुप्पी साधे हुए है। गिरफ्तारी लगभग एक महीना पहले हुई थी।
यह खबर उस समय बाहर आई, जब उसे नेपाल की पालपा जेल में स्थानांतरित किया गया और उसके बाद सरकारी मीडिया ने रविवार को गिरफ्तारी की खबर जारी की।
भारत से सटा कपिलवस्तु तराई का एक सर्वाधिक हिंसक जिला है, जहां आपराधिक घटनाओं में तेजी के साथ वृद्धि हुई है।
कपिलवस्तु जिले से ही भारतीय नागरिक विक्की मनियार ने फर्जी नेपाली पासपोर्ट हासिल किया था। मनियार को उत्तर प्रदेश पुलिस ने पिछले वर्ष आईएसआई का एजेंट होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। मनियार अपने पिता माजिद के साथ मिल कर नेपाल के रास्ते नकली भारतीय नोटों का रैकेट चलाता था।
भारतीय डॉन बबलू श्रीवास्तव ने भी कपिलवस्तु से ही फर्जी नेपाली नागरिकता का प्रमाण पत्र हासिल किया था। उसने नेपाली नागरिकता वर्ष 2006 में नेपाल सरकार के एक दल से हासिल किया था। इस दल को नागरिकता प्रमाण पत्र जारी करने के लिए जिले में भेजा गया था।
भारत और नेपाल के बीच लगभग 1,800 किलोमीटर खुली सीमा भारतीय अधिकारियों के लिए सुरक्षा चिंता का विषय बनी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications