कोलकाता में पकड़े गए जहाज पर नेपाल के हथियार नहीं: सेना
काठमांडु, 27 जून (आईएएनएस)। नेपाली सेना ने रविवार को उन खबरों का खंडन किया है जिनमें कहा गया था कि कोलकाता के करीब रोके गए हथियारों से भरे जहाज पर नेपाल के हथियार और गोला बारूद लदे हैं।
नेपाली सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल रामिन्द्र छेतरी ने आईएएनएस से कहा, "इस जहाज (एम वी एगीन ग्लोरी) पर नेपाली सेना की तीन जीपें और एक हल्का ट्रक लदा है, इसके अलावा वाहनों के कुछ छोटे उपकरण और जनरेटर हैं।"
सेना के प्रवक्ता ने कहा कि रक्षा मंत्रालय ने भारतीय दूतावास को इस सामान के बारे में जानकारी दे दी है।
उन्होंने कहा कि जहाज को 16 जून को कोलकाता पहुंचना था लेकिन बांग्लादेश के चिटगांव बंदरगाह पर भी बांग्लादेश की सेना का सामान उतारे जाने से इसे देरी हुई है।
बंगाल की खाड़ी में शुक्रवार को भारतीय पुलिस ने जहाज पर विस्फोटक लदे होने के संदेह में इसे रोक लिया था।
जहाज पर लाइबेरिया के गृहयुद्ध के समय बांग्लादेश, नेपाल और पाकिस्तान की सेनाओं द्वारा उपयोग किए गए हथियार और अन्य सामान लदे हैं, जिन्हें उनके देश वापस पहुंचाने के लिए लाया गया है।
कुछ खबरों में दावा किया गया था कि जहाज पर भारी मात्रा में नेपाल और पाकिस्तान की सेनाओं के गोला बारूद और सैन्य उपयोग का सामान लदा है।
जहाज पर लदे सामान के संबंध में फिलहाल पाकिस्तान की ओर से कोई बयान नहीं आया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications