सोनिया की अगवानी के लिए तैयार है सोलंग
सोलंग (हिमाचल प्रदेश), 27 जून (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की सोलंग घाटी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अगवानी के लिए पूरी तरह तैयार है। सोमवार को लगभग नौ किलोमीटर लंबी रोहतांग सुरंग की आधारशिला रखने के बाद सोनिया सोलंग घाटी का दौरा करेंगी।
सोनिया सोमवार सुबह मनाली पहुंचेगीं। वहां से वह सड़क मार्ग से 25 किलोमीटर का सफर तय कर सोलंग के निकट स्थित धुंडी में रोहतांग सुरंग की आधारशिला रखेंगी।
सोनिया गांधी द्वारा सुरंग परियोजना की आधारशिला रखे जाने से पहले यहां सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी। इस परियोजना पर लगभग 1,500 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस कार्यक्रम में हिन्दु, मुस्लिम, ईसाई और बौद्ध धर्म से जुड़े लोगों को आमंत्रित किया गया है। इस दौरान सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
पीर पंजाल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली यह सुरंग लाहौल और स्पीति घाटी के कबायली इलाकों में रहने वाले लोगों को हरेक मौसम में बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराएगी। जाड़े के मौसम में अक्सर 13,050 फुट ऊंचे रोहतांग दर्रे पर भारी बर्फबारी होती है जिसकी वजह से देश के बाकी हिस्सों से इसका संपर्क टूट जाता है।
रोहतांग सुरंग का निर्माण सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के तहत किया जाएगा। माना जा रहा है कि रोहतांग सुरंग बन जाने से मनाली से लेह की दूरी 46 किलोमीटर तक कम हो जाएगी। रोहतांग सुरंग के वर्ष 2015 तक तैयार हो जाने की उम्मीद है।
लेफ्टीनेंट कर्नल विनोद शुक्ला ने बताया, "सुरंग के अंदर प्रदूषण स्तर को 90 सेकेंड के भीतर नियंत्रित किया जाएगा।" उन्होंने कहा कि ताजा हवा के संचार के लिए दोनों तरफ हैवी डयूटी पंखों की व्यवस्था की जाएगी।
शुक्ला ने बताया कि सुरंग के अदंर प्रत्येक 250 मीटर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे जिनको सुरंग के बाहर दोनों तरफ बने नियंत्रण कक्ष से जोड़ा जाएगा।
सुरंग की आधारशिला रखने के बाद सोनिया सोलंग घाटी का दौरा करेंगी। रक्षा मंत्री ए.के.एंटनी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और इस्पात मंत्री वीरभद्र सिंह इस समारोह में उपस्थित रहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications