हथियारों से भरा जहाज जांच के लिए कोलकाता पहुंचेगा
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि लाइबेरिया में पंजीकृत जहाज 'ऐगीन ग्लोरी' पर कई विनाशकारी हथियारों और विस्फोटकों के अलावा रॉकेट लांचर, धुंआ बम और एंटी एयरक्राफ्ट बम लदे हुए हैं। विस्तृत जांच के लिए जहाज को कोलकाता लाया जा रहा है।
हथियार और विस्फोटक ले जाने के लिए जरूरी कागजात नहीं दिखाने के कारण जहाज को शुक्रवार को हुगली में पकड़ा गया था।
कोलकाता बंदरगाह पर सीमा शुल्क विभाग के अधिकारी जहाज के कंटेनर को खोलेंगे और सामग्रियों की जांच करेंगे।
पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक भुपिंदर सिंह ने कहा कि जहाज के कैप्टन से मिली जानकारी के अनुसार अधिकारी कंटेनर के हथियारों और विस्फोटकों का मिलान करेंगे।
उन्होंने कहा, "राज्य खुफिया विभाग के अधिकारियों ने न्यूयार्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मिशन के मूवमेंट कंट्रोल अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया है। हम संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।"
पुलिस प्रमुख ने कहा, "यदि कोई अनियमितता पाई जाती है तो जहाज के मालिक और चालक दल के सदस्यों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
उन्होंने कहा कि जहाज पर लदे हथियार 2003 में लाइबेरिया के गृह युद्ध में विभिन्न देशों की शांति सेना के उपयोग के लिए लाइबेरिया भेजा गया था, अब इन्हें भेजने वाले देशों को वापस किया जा रहा है।
इस जहाज पर मिलिट्री का माल 17 मई को लाइबेरिया के मोनरोविया बंदरगाह से लादा गया था 4 जून को यह जहाज मारीशस पहुंचा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications