हमें सायना की कामयाबी पर नाज है : अभिभावक
सायना के पिता हरवीर सिंह ने भावुक स्वर में कहा, "भारतीय महिलाएं तरक्की कर रही है और सायना ने पूरी दुनिया को दिखा दिया है कि वह उन देशों को मात दे सकती हैं जो बैडमिंटन का गढ़ माने जाते हैं।"
सायना ने रविवार को इंडोनेशियन ओपन सुपर सीरीज का फाइनल मुकाबला जीत लिया। उन्होंने जापान की सायाका सातो को 21-19, 13-21, 21-11 से हरा दिया। सायना ने यह खिताब दूसरी बार अपने नाम किया है। पिछले दिनों उन्होंने इंडियन ओपन और सिंगापुर ओपन सुपर सीरीज का खिताब जीता था।
यह पूछे जाने पर कि जब सायना दूसरा सेट हार गई तो क्या उन्हें कुछ घबराहट हुई थी, सिंह ने कहा, "मैं कुछ घबरा तो गया था लेकिन मुझे यकीन था कि सायना इससे उबर जाएगी। क्योंकि इससे पहले भी वह हारने के बाद सशक्त होकर सामने आती रही है।"
उन्होंने कहा, "यह बेहद अद्भुत अहसास है और हमें उस पर नाज है।"
सायना की मां ऊषा नेहवाल फोन पर मित्रों और रिश्तेदारों की बधाइयां स्वीकार करने में व्यस्त थीं।
ऊषा ने कहा, "सातो बहुत तेज खेलीं लेकिन सायना ने लय बनाए रखी और अच्छे स्ट्रोक्स खेले। जब वह घर लौटेगी तो हम उसका भव्य स्वागत करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications