हिन्दू नेता की हत्या से नेपाल में तनाव
काठमांडू, 27 जून (आईएएनएस)। नेपाल के प्रमुख व्यापारिक केंद्र बीरगंज में माओवादियों के खिलाफ गतिविधियां चलाने वाले एक हिंदू संगठन के नेता की हत्या के बाद विरोध प्रदर्शनों के चलते रविवार को तनाव फैल गया।
शनिवार शाम को एक हिंदू मठ में धर्मशाला के निर्माण कार्य का मुआयना करे पहुंचे हिंदू युवा संघ के प्रमुख 45 वर्षीय काशीनाथ अधिकारी पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था।
पुलिस के मुताबिक मोटर साइकिल पर सवार चार लोगों ने अधिकारी पर गोलियां चलाईं। हमले में घायल अधिकारी को नारायणी स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई।
अधिकारी तब चर्चाओं में आए थे जब पिछले महीने उन्होंने माओवादियों के एक शिविर पर हमले का नेतृत्व किया था।
मई महीने में पूर्व माओवादियों ने देश भर में बंद का आयोजन किया था। इस दौरान अधिकारी और उनके संगठन के सदस्यों ने माओवादियों के एक शिविर पर हमला करके उनके वाहनों और फर्नीचर को नष्ट कर दिया था। हिंदू संगठन ने शिविर में माओवादियों पर भी हमला किया था। इस घटना में दो सांसदों समेत दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
माओवादी सांसद प्रभू सिंह ने अधिकारी की हत्या में उनकी पार्टी के शामिल होने के आरोप को खारिज किया है। वहीं पुलिस ने व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के कारण हत्या की आशंका को खारिज नहीं किया है।
पिछले सप्ताह दक्षिणी नेपाल में एक व्यापारी को उसकी पत्नी के साथ गोली मार दी गई थी और दर्जनों लोगों का अपहरण किया गया था।
बीरगंज के व्यापारियों ने रविवार को इस हत्या के विरोध में बंद आयोजित किया है। दुकानें और बाजार पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं और यातायात बाधित है। पुलिस का कहना है कि मामले के संबंध में चार लोगों से पूछताछ की जा रही है।
नेपाल की एकमात्र राजशाही समर्थक पार्टी ने साम्प्रदायिक कारणों से हत्या का आरोप लगाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications