मुठभेड़ में अपराधी ढेर, 3 पुलिसकर्मी घायल
मथुरा, 27 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ में दर्जनभर आपराधिक मामलों में वांछित एक अपराधी मारा गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
जिले के रिफाइनरी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात करीब आधे घंटे तक चली मुठभेड़ में वांछित अपराधी सुभाष उर्फ गप्पू (28) मारा गया।
मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.डी.पॉल्सन ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात वाहनों की जांच के दौरान जैसे ही पुलिस ने उन दोनों को रोका, तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। पूरे इलाके की घेराबंदी की गई और गप्पू मुठभेड़ में मारा गया।
मुठभेड़ में रिफाइनरी थाना क्षेत्र के प्रभारी अनूप भारती व दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पॉल्सन ने बताया कि मारे गए अपराधी के पास से एक पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए। उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गप्पू स्थानीय निवासी था और उस पर जिले के विभिन्न थानों में तकरीबन 12 आपराधिक मामले दर्ज थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications