बिहार में सड़क हादसा, 11 मरे (लीड-1)
पटना, 26 जून (आईएएनएस)। पटना जिले के धनरूआ थाना क्षेत्र में शनिवार को एक यात्री बस और ट्रक के बीच टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई जबकि 25 से अधिक घायल हो गए।
पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार वर्मा ने बताया, "इस दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई है जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों को धनरूआ और मसौढ़ी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराने के बाद पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) के लिए रेफर किया गया है।"
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। घायलों में 15 से ज्यादा लोगों की हालत चिन्ताजनक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार सुबह सात बजे 'महारानी' बस पटना से गया जा रही थी। कोल्हाचक गांव के समीप चनाटी मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रही ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। बस पर 35 से 40 लोग सवार थे। इस दुर्घटना में बस और ट्रक चालक की मौत होने की सूचना है।
मसौढ़ी अनुमंडल के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को मसौढ़ी सदर अस्पताल में भेजा जा रहा है तथा घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications