जर्मन जासूस की सहायता के आरोप में रूसी महिला गिरफ्तार
रोपड़ (पंजाब), 26 जून (आईएएनएस)। बिना वैधानिक दस्तावेजों के भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार एक संदिग्ध जर्मन जासूस की सहायता के आरोप में एक रूसी महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पंजाब पुलिस ने ओलिगा तिमोशिक नामक महिला को जयपुर से गिरफ्तार किया और वह तीन दिन की पुलिस रिमांड पर है।
रोपड़ जिले के पुलिस उपाधीक्षक एच.एस.हंडल ने शनिवार को आईएएनएस को बताया कि वह संदिग्ध जर्मन जासूस थामस कुन की नजदीकी सहयोगी है। बिना वीजा और पासपोर्ट के रह रहे कुन को पिछले महीने नंगल कस्बे में गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ में उसने बताया कि उसकी रूसी महिला मित्र उसका पासपोर्ट नेपाल ले गई है। हंडल ने कहा कि रूसी महिला के वीजा की अवधि समाप्त हो गई थी। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त कर लिए हैं।
सूत्रों ने अनुसार रूसी महिला ने बताया कि वह एक स्वतंत्र लेखिका है और कई देशों के अखबारों को भारत से खबरें भेजती है। उसने नियमित अंतराल पर अपने बयान बदले। गिरफ्तार महिला को रूसी दूतावास के अधिकारियों से बात करने की अनुमति दी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications