ब्रिटेन के अस्पताल में रोबोट की नियुक्ति
वेंकट वेमुरी
लंदन, 20 जून (आईएएनएस)। ब्रिटेन में बेरोजगारी को एक नया आयाम मिला है। देश के अत्याधुनिक अस्पताल में रोबोटों की नियुक्ति की गई है। जल्द ही ये रोबोट अपना काम शुरू कर देंगे।
लारबर्ट में स्थित फोर्थ वैली रॉयल हॉस्पीटल अगस्त में अपनी सेवाएं शुरू करेगा। लेकिन इसके पहले इस अस्पताल के लिए रोबोट के बेड़े को प्रशिक्षित किया जा रहा है। ये रोबोट चिकित्सकीय कचरे और गंदे लिनन को ढोएंगे, खाद्य और दवाओं की आपूर्ति करेंगे।
नेशनल हेल्थ सर्विस का फोर्थ वैली ब्रिटेन का पहला अस्पताल होगा, जहां इन रोबोटों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा अमेरिका, फ्रांस और जापान के अस्पतालों में रोबोट का इस्तेमाल पहले से किया जा रहा है।
रोबोट की गतिविधियों के लिए अस्पताल के नीचे गलियारों का एक नेटवर्क निर्मित किया गया है। इन रोबोट के मानव सहयोगी जरूरत पड़ने पर उन्हें बुला सकते हैं। उसके बाद रोबोट एक लिफ्ट के जरिए अपना रास्ता तय करेंगे और अपना काम पूरा करने के बाद लिफ्ट में वापस लौट आएंगे।
इन रोबोटों की मदद के लिए प्रौद्योगिकी उनके साथ होगी ताकि वे न तो अपना रास्ता भूल सकें और न किसी वस्तु से टकरा सकें। इन रोबोटों के साथ एक लेजर बीम सिस्टम लगा रहेगा जो उन्हें और उनका संचालन करने वाले मनुष्य कर्मचारी को इस बारे में जानकारी देगा कि ये रोबोट किस जगह पर हैं। रोबोट में लगे संवेदक रास्ते में रोड़ा अटकाने वाली वस्तुओं को उठा लेते हैं।
अस्पताल के प्रवक्ता एल्सपेथ कैंपबेल ने द डेली मेल को बताया, "कर्मचारी बहुत खुश हैं। ब्रिटेन में इस तरह का पहला उदाहरण बनना काफी रोमांचक है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications