युवक की मौत के बाद श्रीनगर में उबाल (राउंडअप)
श्रीनगर, 20 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में रविवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक चौकी पर हमला करने वाली भीड़ पर की गई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो जाने के बाद शहर में तनाव फैल गया। भीड़ पहले हुई झड़पों में एक अन्य युवक की मौत का विरोध कर रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि क्रुद्ध युवकों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा बलों पर पथराव किया। पुलिस को पथराव कर रही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
सैकड़ों लोगों ने रविवार को पुलिस गोलीबारी में मारे गए 26 वर्षीय जावेद अहमद मल्ला के शव के साथ जुलूस निकाला। रविवार सुबह भीड़ द्वारा श्रीनगर के नूरबाग में सीआरपीएफ की चौकी पर हमला किए जाने के दौरान मल्ला की मौत हो गई थी।
सुरक्षा बलों ने खुद को भीड़ के हमले का शिकार होने के डर से गोलीबारी की थी। पुलिस के एक अधिकारी ने शुरू में दावा किया था कि गोली हवा में चलाई गई थी। इस गोलीबारी में पांच अन्य घायल भी हो गए।
यह घटना उस समय घटी, जब पिछले सप्ताह सुरक्षा बलों के साथ झड़पों के दौरान घायल हुए 26 युवक मुहम्मद रफीक बांगरू के शनिवार को दम तोड़ देने के बाद रविवार को उसकी शव यात्रा के दौरान भीड़ ने सीआरपीएफ चौकी पर हमला कर दिया।
रविवार को मल्ला की मौत के बाद श्रीनगर में आक्रोश का लावा फूट पड़ा। देखते-देखते श्रीनगर के कई हिस्सों में युवक अपने घरों से बाहर निकल आए और पुलिस व अर्धसैन्य बलों पर ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिए।
बांगरू के रिश्तेदारों का आरोप है कि वह गत 12 जून को साफा कदल में विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पुलिस की पिटाई से घायल हो गया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने भीड़ पर गोलीबारी के फैसले का बचाव करते हुए कहा, "सुरक्षाकर्मियों ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं।"
गोलीबारी में घायल दो लोगों की हालत नाजुक बताई गई है।
मल्ला की मौत की खबर फैलते ही विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए और रैनावाड़ी, मैसूमा, नौशेरा और गोजवारा क्षेत्रों में संघर्ष शुरू हो गया। ये सभी इलाके अलगाववादियों के गढ़ माने जाते हैं।
प्रशासन ने पुराने शहर के इलाकों में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अतिरिक्त जवानों को तैनात किया कर दिया और साफा कदल पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications