भाजपा, जद (यू) के बीच तनाव एक नौटंकी : लालू प्रसाद
लालू प्रसाद ने कहा कि यदि भाजपा में दम हो तो वह जद (यू) से अपना रिश्ता तोड़ ले और बिहार विधानसभा का चुनाव अपने दम पर लड़े।
लालू प्रसाद ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "दोनों पार्टियां नौटंकी खेल रही हैं। वे एक साथ रहेंगी।" उन्होंने कहा कि भाजपा-जद (यू) का गठबंधन एक दशक पहले लालूफोबिया का परिणाम है।
लालू ने कहा, "भाजपा को अपना आत्मसम्मान साबित करने के लिए जद (यू) से संबंध तोड़ लेना चाहिए और नीतीश कुमार सरकार से समर्थन वापस ले लेना चाहिए।"
लालू ने यह भी कहा कि नीतीश को भी चाहिए कि वह भाजपा से संबंध तोड़ लें। लालू ने कहा, "गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से प्रकाशित विज्ञापन पर अब और नाटक नहीं होना चाहिए। साढ़े चार साल सरकार चलाने के बाद नीतीश कुमार को भाजपा और मोदी से खतरा महसूस हुआ है।"
वर्ष 2008 में कोसी बाढ़ के लिए गुजरात सरकार की ओर दिए गए पांच करोड़ रुपये की सहायता को वापस करने के नीतीश कुमार के निर्णय का जिक्र करते हुए लालू प्रसाद ने कहा कि यह निर्णय गलत है।
लालू ने कहा, "2008 में बाढ़ के दौरान गुजरात सरकार द्वारा मुहैया कराई गई सहायता राशि नरेंद्र मोदी की निजी धनराशि नहीं थी। व गुजरात की जनता का पैसा था।"
लालू ने यह भी कहा कि वह बिहार सरकार से यह भी जानना चाहते हैं कि गुजरात सरकार की ओर से बड़ी मात्रा में भेजी गई राहत सामग्री का क्या हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications