पाक ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, 2 कश्मीरियों की मौत (लीड-2)
श्रीनगर/नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से रविवार सुबह जम्मू एवं कश्मीर के माछिल सीमा क्षेत्र के पास की गई अकारण गोलीबारी में दो कश्मीरी नागरिकों की मौत हो गई और दो सैनिक घायल हो गए।
नई दिल्ली स्थित सेना मुख्यालय के एक अधिकारी ने बताया, "पाकिस्तान की ओर से सुबह सात से आठ बजे के बीच गोलीबारी की गई। इसमें दो नागरिक मारे गए और दो जवान घायल हो गए।"
अधिकारी ने बताया कि दोनों नागरिक एक नदी से पानी लेने के लिए गए थे, उसी दौरान नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार से पाकिस्तानी सैनिकों ने उन्हें देख लिया।
अधिकारी ने कहा, "पाक सैनिकों ने दोनों नागरिकों को गोलियों से भून डाला। यह स्पष्ट रूप से संघर्ष विराम का उल्लंघन है।"
अधिकारी ने कहा कि भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की और पाकिस्तानी सैनिकों पर गोलीबारी की। इस दौराना भारतीय सैनिक घायल हो गए।
अधिकारी ने कहा, "इस दौरान पाकिस्तान की ओर कितने लोग मारे गए या घायल हुए, इसकी जानकारी हमें नहीं है।"
केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम के इस्लामाबाद दौरे से ठीक कुछ दिन पहले पाकिस्तान की ओर से यह गोलीबारी हुई है। चिदंबरम 26 जून को दक्षिण एशिया क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) देशों के गृह मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान जाने वाले हैं।
भारत और पाकिस्तान के बीच नवम्बर, 2003 में हुए संघर्ष विराम का गत एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बार उल्लंघन हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications